Support & Resistance क्या हैं? Chart पर Zones और Breakout समझें

आपने Support & Resistance के बारे में जरूर सुना होगा अगर आप शेयर बाजार में सक्रिय हैं।

क्या आपने कभी सोचा है कि क्यों कोई स्टॉक एक ही प्राइस के आसपास जाकर बार-बार नीचे आ जाता है?

या फिर क्यों कोई शेयर एक ही दाम के आसपास आकर नीचे जाने के बजाय वहीं से वापस ऊपर की तरफ मुड़ जाता है?

यह कमाल है स्टॉक के Support और Resistance का।

Support और Resistance एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। आसान भाषा में समझें तो ये चार्ट के ऐसे पुराने क्षेत्र होते हैं जहाँ कीमत ने पहले कई बार प्रतिक्रिया दिखाई होती है।

लेकिन यहाँ एक बात समझना जरूरी है कि Support कोई ऐसी मजबूत जमीन नहीं है जो कभी टूटेगी ही नहीं और Resistance कोई ऐसी छत नहीं है जिसे कीमत पार ही नहीं कर सकती है।

मान लीजिए कोई शेयर ₹450 के आसपास पहले कई बार नीचे आने के बाद वापस ऊपर गया।

इसका मतलब यह नहीं है कि अगली बार ₹450 आते ही वह जरूर ऊपर जाएगा।

हाँ, इतना जरूर कहा जा सकता है कि यह एक ऐसा क्षेत्र है जहाँ कीमत पहले प्रतिक्रिया दिखा चुकी है, इसलिए इसे समझना उपयोगी हो सकता है।

तो Technical Analysis for Beginners के इस भाग में हम जानेंगे कि Support और Resistance क्या होते हैं, ये बनते कैसे हैं, चार्ट पर इन्हें कैसे पहचाना जाता है और कई बार एक ही Support या Resistance टूट भी क्यों जाता है।

साथ ही हम यह भी समझेंगे कि Support और Resistance को एक बिल्कुल सटीक लाइन मानने के बजाय एक छोटे से क्षेत्र यानी Zone की तरह देखना कई बार ज्यादा समझदारी क्यों होती है।

Table of Contents

सपोर्ट और रेजिस्टेंस | Support & Resistance in Hindi?

Technical analysis में Support का मतलब होता है सहारा देना और Resistance का मतलब है बाधा उत्पन्न करना।

अब आपका अगला प्रश्न होना चाहिए कि भाई यह Support और Resistance यानी सहारा देने और बाधा पैदा करने वाले points आखिर हैं क्या?

बहुत आसान भाषा में समझें तो Support वह क्षेत्र है जहाँ गिरती हुई कीमत पहले एक या कई बार संभलती हुई दिखाई दी हो। ठीक इसका उल्टा Resistance वह क्षेत्र है जहाँ बढ़ती हुई कीमत पहले रुकती या वापस नीचे आती दिखाई दी हो।

अगर आपको थोड़ा confusion हो रहा है तो इसे इस तरह से समझें।

मान लीजिए किसी शेयर की कीमत बार-बार ₹450 के आसपास आने के बाद संभल जाती है और वहाँ से ऊपर जाने लगती है।

तो ऐसे में ₹450 के आसपास का क्षेत्र Support माना जा सकता है।

वहीं अगर वही शेयर बार-बार ₹500 के आसपास जाकर रुक जाता है और वहाँ से नीचे आने लगता है, तो ₹500 के आसपास का क्षेत्र Resistance माना जा सकता है।

लेकिन इसे ऐसे मत समझिए कि Support पर खरीदने वालों की गिनती अचानक बेचने वालों से ज्यादा हो जाती है।

हर पूरे हुए सौदे में एक खरीदने वाला और एक बेचने वाला दोनों होते हैं।

असली बात यह है कि किसी दाम के आसपास खरीदने और बेचने का दबाव कैसा है और कीमत उस दबाव पर कैसी प्रतिक्रिया देती है।

पर जैसा मैंने पहले के लेख में बताया था कि यह केवल एक assumption यानि मान्यता है क्योंकि टेक्निकल एनालिसिस में ऐसा मानते हैं कि इतिहास खुद को दोहराता है।

यह तो आप जानते ही होंगे कि किसी शेयर को खरीदना आसान है, पर उसे कब बेचना है यह फैसला कई बार मुश्किल हो जाता है।

इसके भी अपने कई भावनात्मक कारण हैं, जिनके बारे में आप मेरी स्टॉक मार्केट की गलतियाँ वाली पोस्ट में पढ़ सकते हैं।

Support और Resistance ऐसे में chart को समझने में मदद जरूर करते हैं, लेकिन इन्हें किसी फैसले की मशीन समझना बिलकुल ही गलत होगा।

ये हमें बस इतना बताते हैं कि पहले कीमत किन क्षेत्रों पर रुकती, संभलती या वापस मुड़ती दिखाई दी थी।

आगे भी कीमत बिल्कुल वैसा ही करेगी, यह कोई जरूरी नहीं है।

यानी आप Support और Resistance को भविष्य बताने वाला कोई पक्का नियम न समझें।

आप तो इन्हें बस chart में पुराने price behavior को समझने का एक तरीका मानें।

सपोर्ट क्या होता है | What is Support?

किसी भी स्टॉक का सपोर्ट कुछ ऐसा है जो उसके दाम को नीचे से सहारा दिए जा रहा है कि भाई गिरना मत यहां से।

पर ऐसा नहीं है कि हर बार सपोर्ट से स्टॉक प्राइस ऊपर ही चला जाएगा इस बात का ध्यान रखें।

Support भी multiple यानी कई हो सकते हैं। कुछ बड़े Support होते हैं और कुछ छोटे।

कई बार कोई छोटा Support टूट जाता है और उसके बाद कीमत नीचे मौजूद दूसरे पुराने Support area की तरफ बढ़ सकती है।

वैसे कई बार देखा जाता है कि Support के आसपास गिरती हुई कीमत थोड़ी संभलने लगती है।

जो गिरावट लगातार चल रही थी उसकी रफ्तार कम हो सकती है और वहीं से price action भी बदलता हुआ दिखाई दे सकता है।

पर ऐसा होता क्यों है और आपको क्या लगता है कि खरीददार क्यों अचानक आसमान से प्रकट हो जाते हैं।

असल में कोई आसमान से नहीं आता।

मान लीजिए किसी शेयर की कीमत ₹500 से गिरते-गिरते ₹440 के आसपास आ गई।

पुराने chart में भी ₹435–₹445 के आसपास कीमत कई बार संभली थी।

अब कुछ लोग इस दाम के आसपास शेयर खरीदने को तैयार हो सकते हैं, कुछ बेचने वाले अपनी बिकवाली कम कर सकते हैं और कुछ पुराने trader इस area को फिर से देखने लगते हैं।

हमें chart पर इन सब लोगों की पूरी कहानी नहीं दिखाई देती।

हमें सिर्फ इतना दिखाई देता है कि किसी खास दाम के आसपास कीमत ने पहले कैसी प्रतिक्रिया दी थी।

इसीलिए Support को यह मान लेना भी ठीक नहीं कि यहां आते ही शेयर सस्ता हो गया है या उसका valuation सही हो गया है।

Support एक chart का concept है, valuation का नहीं।

अगर पुराने chart में कीमत किसी क्षेत्र के आसपास बार-बार गिरकर संभली है, तो उस area को हम पुराना Support zone कह सकते हैं।

आगे भी कीमत वहां से संभलेगी ही, इसकी कोई guarantee नहीं है।

यही वजह है कि Support को एक पक्की दीवार की तरह नहीं बल्कि पुराने price reaction के एक area की तरह समझना ज्यादा सही है।

ध्यान रखें
Support chart का concept है और valuation का नहीं। अगर किसी दाम पर support दिख रहा है तो इससे यह साबित नहीं होता कि company सस्ती या undervalued हो गई है।

Support का प्रैक्टिकल उदहारण

technical analysis support & resistance

चलिए अब एक प्रैक्टिकल चार्ट देखें जो है SBI का।

ये काली रेखा देखें जो एक प्राइस पॉइंट दिखाती है 445 का।

इसका मतलब जब करंट मार्केट प्राइस (CMP) 451 है और स्टॉक 545 के आसपास से लगातार नीचे आ रहा है, तब पुराने चार्ट में 445 के आसपास कीमत ने एक से ज्यादा बार सपोर्ट लिया है।

यह आप तीन जगह नीले तीर देख सकते हैं। ये समय-समय पर आने वाले सपोर्ट पॉइंट हैं, जिनसे हमें इस एरिया का अंदाजा मिलता है।

यहाँ एक बात ध्यान देने वाली है।

जरूरी नहीं कि हर बार कीमत ठीक ₹445 पर ही आकर रुके।

कभी ₹443, कभी ₹445 तो कभी ₹447 के आसपास भी आकर कीमत संभल सकती है।

इसलिए इसे एकदम सटीक लाइन मानने की बजाय लगभग ₹442–₹447 का सपोर्ट जोन समझना ज्यादा सही रहेगा।

देखिये स्टॉक मार्केट demand यानी मांग और supply यानी आपूर्ति का खेल है।

सपोर्ट जोन के आसपास कई बार selling pressure कम पड़ता है और buying interest दिखाई देने लगता है, जिससे कीमत संभल सकती है। लेकिन ऐसा हर बार होगा, यह जरूरी नहीं है।

जब भी मार्केट गिरता है तब चार्ट में पहले बने हुए सपोर्ट जोन को देखना उपयोगी होता है।

इससे कम-से-कम यह समझ आता है कि कीमत ने पहले किन जगहों पर रिएक्शन दिखाया था।

आप ऐसा ना करें कि जैसे ही मार्केट गिरा तो घबरा कर सब कुछ बेच करके निकल लें।

पहले यह समझने की कोशिश करें कि गिरावट केवल सामान्य उतार-चढ़ाव है या बाजार में कोई बड़ी वजह काम कर रही है।

यहाँ पर ध्यान दें कि करंट मार्केट प्राइस के नीचे मौजूद पुराने रिएक्शन एरिया को सपोर्ट के रूप में देखा जा सकता है।

लेकिन सपोर्ट कोई पक्की दीवार नहीं है और किसी स्टॉक की कीमत उसके नीचे भी जा सकती है।

रेजिस्टेंस क्या होता है | What is Resistance?

जिस प्रकार से सपोर्ट किसी स्टॉक के प्राइस को नीचे जाने से रोकता है वैसे ही रजिस्टेंस शेयर के दाम को ऊपर जाने से रोकता है।

लेकिन यहाँ “रोकता है” का मतलब यह नहीं है कि शेयर का प्राइस उस जगह से ऊपर जा ही नहीं सकता है।

Resistance बस वह जगह या क्षेत्र है जहाँ बढ़ता हुआ शेयर प्राइस पहले भी एक या कई बार रुकता हुआ या वापस नीचे आता हुआ दिखाई दिया हो।

Resistance के आसपास पहुँचने पर कीमत के लिए ऊपर जाना थोड़ा मुश्किल हो सकता है।

यहाँ बिकवाली का दबाव बढ़ सकता है और खरीदार भी ऊँचे दाम पर शेयर खरीदने में थोड़े सावधान हो सकते हैं।

तब इससे क्या होता है?

अगर उस समय बिकवाली का दबाव खरीदारी से अधिक हो जाता है तो शेयर का प्राइस वहीं कुछ समय रुक सकता है या नीचे की तरफ आ सकता है।

पर जैसे हर support से share price ऊपर नहीं जाता है वैसे ही हर resistance से हर बार प्राइस नीचे नहीं जाता।

इस बात का ख्याल रखें।

जरा सोचिए, किसी शेयर ने पहले ₹500 के आसपास कई बार ऊपर जाने की कोशिश की लेकिन हर बार वहाँ से वापस नीचे आ गया।

तो ऐसे में ₹500 के आसपास का क्षेत्र उस शेयर के लिए Resistance माना जा सकता है।

लेकिन इसका यह मतलब बिल्कुल नहीं है कि अगली बार ₹500 आते ही शेयर नीचे जाएगा।

कभी-कभी शेयर उस Resistance को पार करके ऊपर भी निकल जाता है। इसे हम आगे Breakout वाले हिस्से में समझेंगे।

एक और बात समझना जरूरी है।

किसी शेयर का Resistance वर्तमान कीमत के ऊपर दिखाई दे सकता है, लेकिन यह कोई हमेशा लागू होने वाला नियम नहीं है।

पुराना Resistance टूटने के बाद कई बार वही क्षेत्र आगे चलकर Support की तरह भी दिखाई दे सकता है।

यानी Support और Resistance को किसी पक्की दीवार की तरह मत देखिए।

इन्हें पुराने चार्ट में वे क्षेत्र समझिए जहाँ कीमत ने पहले कोई खास प्रतिक्रिया दिखाई थी।

Resistance का प्रैक्टिकल उदहारण

stock market chart resistance

आइए इस बात को एक प्रैक्टिकल उदहारण से समझते हैं उसी SBI के चार्ट से जो हमने पहले देखा था।

आप यहां पर देख सकते हैं कि यहाँ रजिस्टेंस आ रहा है 465 का और पहले 3 बार इसी जगह से प्राइस रिवर्स हुआ है (देखें नीला तीर)।

Support और Resistance को Exact Line की बजाय Zone क्यों माना जाता है?

support zone trading

यह सवाल आजकल बहुत पूछा जा रहा है और उलझन भी अक्सर यहीं से शुरू होती है।

मान लें कोई ₹500 पर एक line खींचता है, कीमत ₹502 या ₹503 तक जाती है और फिर वापस नीचे आ जाती है तो तुरंत लगता है कि हमारा level तो गलत था।

लेकिन जरा सोचिए, बाजार में हजारों लोग एक ही समय पर बिल्कुल ₹500.00 पर बैठकर खरीद-बिक्री नहीं कर रहे होते।

कोई ₹498 पर खरीदने को तैयार है, कोई ₹500 पर और कोई ₹503 पर।

इसी वजह से कीमत कई बार किसी एक exact price पर नहीं, बल्कि उसके आसपास के छोटे से दायरे में reaction देती है।

मान लीजिए किसी पुराने chart में कीमत ने अलग-अलग समय पर इन स्तरों के आसपास रुककर reaction दिया:

  • ₹443 के आसपास
  • ₹446 के आसपास
  • ₹442 के आसपास
  • ₹447 के आसपास

अब आप चाहें तो इनके बीच ₹445 पर एक पतली line खींच सकते हैं।

लेकिन अगर कीमत कभी ₹442 से पलटी, कभी ₹447 से और कभी ₹444–₹445 के आसपास रुकी, तो सिर्फ ₹445 की line पूरी तस्वीर नहीं दिखाती है।

ऐसी स्थिति में ₹442 से ₹447 के बीच का एक zone हमें ज्यादा काम की बात समझाता है।

यानि हमें यह नहीं कहना कि “₹445 ही support है।”

हमें बेहतर यह समझना है कि “₹442–₹447 के आसपास पहले भी कीमत ने कई बार reaction दिया है।”

बस इतना फर्क समझ आ जाए तो chart देखना काफी आसान हो जाता है।

Zone कितना चौड़ा रखें?

अब सवाल है कि zone कितना चौड़ा होना चाहिए?

देखिये इसका कोई तय नियम नहीं है कि हर बार 0.5%, 1% या ₹5 का ही zone बनाना है।

मान लीजिए एक share ₹100 के आसपास है और उसकी कीमत रोज ₹1–₹2 ऊपर-नीचे होती रहती है।

तो वहाँ ₹10 का zone बना देना शायद बहुत चौड़ा हो जाएगा।

वहीं किसी दूसरे share में रोज ₹20–₹30 की तेजी-मंदी आम बात है तो वहाँ ₹2 का zone बहुत छोटा पड़ सकता है।

इसलिए zone बनाते समय यह देखना ज्यादा जरूरी है कि कीमत ने पहले कहाँ-कहाँ reaction दिया था।

Candle की body कहाँ बंद हुई, wick कहाँ तक गई, share में सामान्य तौर पर कितनी तेजी-मंदी रहती है और आप कौन-सा timeframe देख रहे हैं—इन सब बातों से zone का दायरा बदल सकता है।

एक और बात समझिए।

दो लोग एक ही chart देख रहे हों तो जरूरी नहीं कि दोनों बिल्कुल एक जैसा zone बनाएं।

एक व्यक्ति ₹442–₹447 का zone बनाए और दूसरा ₹443–₹448 का। इसका मतलब यह नहीं कि इनमें से एक जरूर गलत है।

Support और Resistance गणित का सवाल नहीं है कि उत्तर सिर्फ ₹445.25 ही आएगा।

यह chart पर पुराने behavior को देखकर एक area समझने की एक कोशिश है।

इसीलिए Support और Resistance को exact line से ज्यादा एक area या zone की तरह समझना कई बार ज्यादा practical रहता है।

Price Action क्या होता है?

हर एक चार्ट में प्राइस एक्शन को देखना ही सबसे जरूरी काम है अगर आपको support & resistance निकालना है तब।

तो price action के नाम में ही उसका काम छिपा हुआ है जो ट्रेडर को यह बताता है कि पहले इस जगह पर स्टॉक ने कैसा परफॉर्म किया था और इसी को देख कर ही भविष्य की चाल निर्धारित की जाती है।

प्राइस एक्शन के ज़ोन पर किसी स्टॉक का प्राइस कुछ ऐसा बर्ताव करेगा:-

  • या तो वह किसी पॉइंट पर आकर consolidate करेगा मतलब कोई मूवमेंट नहीं होगा। थोड़ा ऊपर या फिर थोड़ा सा नीचे बस एक रेंज में ही कारोबार करता रहेगा।
  • दूसरा है शार्प रिवर्सल मतलब किसी प्राइस पॉइंट पर आकर बिना कंसोलिडेट हुए वह या तो तेजी से ऊपर जाएगा या फिर नीचे।

Chart पर Support और Resistance कैसे पहचानें?

support-resistance-chart

अगर आपको किसी chart पर Support और Resistance निकालना है तो सबसे पहले Price Action देखना जरूरी है।

Chart खोलने के बाद शुरुआत आप इस तरह कर सकते हैं।

1. पहले थोड़ा बड़ा Chart देखिए

Chart को थोड़ा पीछे करके देखें ताकि पुराने Swing High, Swing Low और Range साफ दिखाई दें।

अगर आप हर छोटी candle को देखकर line खींचना शुरू करेंगे तो कुछ देर में पूरा chart ही लाइनों से भर जाएगा।

तो सबसे पहले बड़ी तस्वीर समझिए।

2. जहाँ कीमत ने साफ प्रतिक्रिया दी हो, उस Area को देखिए

मान लीजिए कीमत नीचे आई और किसी जगह से दोबारा ऊपर जाने लगी या ऊपर जाने के बाद किसी area के आसपास बार-बार रुक गई।

ऐसी जगहों पर ध्यान दीजिए।

यही पुराने reaction वाले area आगे हमें संभावित Support या Resistance समझने में मदद करते हैं।

3. एकदम सटीक कीमत खोजने की कोशिश मत कीजिए

यह जरूरी नहीं कि कीमत हर बार ₹445 पर ही आकर पलटे।

हो सकता है एक बार ₹443, दूसरी बार ₹446 और तीसरी बार ₹442 के आसपास प्रतिक्रिया दिखे।

ऐसे में केवल ₹445 की एक पतली line बनाने से अच्छा है कि ₹442 से ₹446 के आसपास के हिस्से को एक Zone की तरह देखें।

हर Wick के लिए अलग line बनाने की जरूरत नहीं है।

4. दूसरे Timeframe पर भी Chart देख लीजिए

ध्यान दें कि Daily Chart और 15-minute Chart एक जैसे नहीं दिखेंगे।

हो सकता है Daily Chart पर आपको एक बड़ा Support Area दिखाई दे, लेकिन 15-minute Chart खोलने पर उसी area के अंदर दो-तीन और छोटे reaction दिखाई देने लगें।

इसमें कुछ गलत नहीं है बस दोनों Chart उस स्टॉक की कीमत अलग-अलग बारीकी से दिखा रहे हैं।

5. Level को जबरदस्ती मत खोजिए

कई बार हम chart खोलते हैं और Support या Resistance ढूँढने के चक्कर में ऐसी line भी बना देते हैं जो वास्तव में साफ दिखाई ही नहीं दे रही होती है।

अगर किसी level को समझाने के लिए आपको बहुत ज्यादा मेहनत करनी पड़ रही है तो संभव है कि वह level उतना साफ नहीं है जितना आप उसे मान रहे हैं।

नीचे chart में मैंने काले गोले, नीले box और sharp reversal वाले points की मदद से अलग-अलग जगहों पर कीमत की प्रतिक्रिया दिखाई है।

लेकिन तीन points को मिलाकर सीधी line बनाना कोई पक्का नियम नहीं मानिए।

इस चार्ट का असली काम केवल यह दिखाना है कि कीमत किन areas के आसपास पहले रुकती या पलटती दिखाई दी है |

stock charts

Chart पर बहुत सारी Support और Resistance Lines बन जाएँ तो क्या करें?

यह परेशानी बहुत से नए लोगों के साथ होती है।

हर Swing High पर line, हर Swing Low पर line और हर छोटी Wick पर एक और line।

कुछ देर बाद chart ऐसा दिखने लगता है कि कीमत कहीं भी जाए, वहाँ पहले से कोई न कोई Support या Resistance मौजूद है।

फिर दिक्कत यह होती है कि हम chart को समझने की जगह हर हलचल को किसी पुरानी line से जोड़ने लगते हैं।

इसलिए शुरुआत में कम लेकिन साफ areas पर ध्यान देना ज्यादा आसान है।

बड़े Swing, किसी Range के किनारे और जहाँ कीमत ने कई बार साफ प्रतिक्रिया दिखाई हो…..उन्हें पहले देखिए।

छोटे-मोटे levels बाद में भी देखे जा सकते हैं।

क्या Support या Resistance बनने के लिए 3 Touch जरूरी हैं?

नहीं ऐसा जरूरी नहीं है।

ऐसा कोई पक्का नियम नहीं है कि कीमत तीन बार किसी जगह को touch करे तभी वह Support या Resistance बनेगा।

हाँ, अगर किसी area के आसपास कीमत पहले कई बार प्रतिक्रिया दिखा चुकी है तो वह area chart पर ज्यादा साफ नजर आ सकता है।

लेकिन तीन बार touch होने का मतलब यह नहीं कि चौथी बार भी कीमत वहीं से जरूर पलटेगी।

इसी तरह यह कहना भी सही नहीं कि किसी level को जितनी ज्यादा बार test किया जाएगा, वह हर बार उतना ही मजबूत होता जाएगा।

Market में इतने सीधे formula कम ही मिलते हैं।

अलग Timeframe पर अलग Support और Resistance क्यों दिखते हैं?

यह सवाल नए लोगों को अक्सर परेशान करता है।

मान लीजिए आपने 4-hour Chart पर Support बनाया फिर 15-minute Chart खोला और वहाँ वही जगह कुछ अलग दिखाई देने लगी।

यह बिल्कुल सामान्य है।

मान लीजिए Daily Chart पर ₹440 से ₹450 के बीच एक बड़ा Support Zone दिखाई दे रहा है।

अब 15-minute Chart खोलेंगे तो इसी area के अंदर ₹443–₹445 और ₹448–₹450 के आसपास अलग-अलग छोटी प्रतिक्रियाएँ दिखाई दे सकती हैं।

इसका मतलब यह नहीं कि कोई एक Chart गलत है।

Daily Chart आपको बड़ी तस्वीर दिखा रहा है, जबकि छोटे Timeframe में उसी कीमत के अंदर हुई छोटी-छोटी हलचल ज्यादा साफ दिखाई देती है।

इसलिए बड़े Timeframe को हमेशा सही और छोटे Timeframe को गलत मानने की भी जरूरत नहीं है।

आप किस तरह का Chart देख रहे हैं, यह समझना ज्यादा जरूरी है।

Breakout और Breakdown क्या होते हैं?

अब सवाल है कि क्या कीमत हमेशा Support और Resistance के बीच ही घूमती रहती है?

नहीं।

कई बार कीमत पुराने Resistance zone के ऊपर निकल जाती है और इसे आम तौर पर Breakout कहा जाता है।

इसी तरह जब कीमत पुराने Support zone के नीचे चली जाती है तो इसे Breakdown कहते हैं।

लेकिन यहाँ एक बात समझना जरूरी है।

सिर्फ Resistance के ऊपर निकल जाने का मतलब यह नहीं है कि अब कीमत लगातार ऊपर ही जाएगी।

कई बार कीमत बाहर निकलती है और थोड़ी देर बाद वापस पुराने zone में आ जाती है।

यहीं से False Breakout की कहानी शुरू होती है।

False Breakout क्या होता है?

मान लीजिए किसी शेयर में ₹500–₹505 का पुराना Resistance zone है।

अब कीमत बढ़ते-बढ़ते ₹507 तक पहुँच गई तो पहली नजर में लगेगा कि Resistance टूट गया।

लेकिन कुछ समय बाद कीमत वापस ₹500 के नीचे आ गई और पुराने range में ही घूमने लगी।

इसे आम तौर पर False Breakout या Fakeout कहा जाता है।

आजकल social media पर इसी तरह की चाल के लिए “liquidity grab” या “smart money trap” जैसे शब्द भी खूब सुनने को मिलते हैं।

लेकिन हर बार इसके पीछे कोई बड़ी चाल या साजिश हो, ऐसा मानने की जरूरत नहीं है।

Chart पर हमें बस इतना साफ दिखाई देता है कि कीमत Resistance zone के बाहर गई, लेकिन वहाँ टिक नहीं पाई।

अब इसके पीछे वजह क्या थी, यह हर बार एक जैसी नहीं होगी।

breakout-breakdown-false-breakout

तो Breakout सही है या False, यह कैसे पता चले?

यही सबसे मुश्किल सवाल है।

इसका कोई ऐसा तरीका नहीं है जो हर बार 100% सही जवाब दे सके।

कुछ लोग Volume देखते हैं, कुछ candle का close देखते हैं, कुछ यह इंतजार करते हैं कि कीमत वापस पुराने zone के पास आए या नहीं।

इन चीजों से थोड़ी और जानकारी मिल सकती है, लेकिन पक्की गारंटी नहीं मिलती।

जैसे:

  • Zone के बाहर candle close होना एक अच्छा संकेत हो सकता है, लेकिन guarantee नहीं।
  • Breakout के समय ज्यादा Volume दिखना अतिरिक्त जानकारी दे सकता है, लेकिन इससे breakout पक्का नहीं हो जाता।
  • कीमत वापस पुराने zone के पास आए और वहाँ फिर प्रतिक्रिया दे तो इसे Retest कहा जाता है। लेकिन हर breakout में retest होना जरूरी नहीं।
  • कोई Doji, Hammer या दूसरी candlestick बन जाए तो भी अगली चाल तय नहीं हो जाती।

इसलिए Breakout को किसी एक signal से सही या गलत साबित करने के बजाय पूरे chart के संदर्भ में समझना ज्यादा ठीक है।

अगर आपको Volume को detail में समझना हो तो देखें: Share Market में Volume क्या होता है

पुराना Resistance बाद में Support कैसे बन सकता है?

यह चीज आपको chart में कई बार देखने को मिलेगी और शुरुआत में थोड़ी उलझन भी हो सकती है।

मान लीजिए किसी शेयर की कीमत ₹500 के आसपास कई बार जाकर रुक जाती है। यानी ₹500 के आसपास Resistance बना हुआ है।

कुछ समय बाद कीमत इस ₹500 के क्षेत्र को पार करके ऊपर निकल जाती है।

अब मजेदार बात देखिए।

कुछ दिन बाद कीमत दोबारा गिरकर ₹500 के आसपास आती है, लेकिन इस बार नीचे जाने के बजाय वहीं संभल जाती है। यानी जो ₹500 पहले कीमत को ऊपर जाने से रोक रहा था, वही अब नीचे गिरने में रुकावट बनता दिखाई दे रहा है।

ऐसी स्थिति में पुराने Resistance को संभावित Support की तरह देखा जाता है।

ठीक इसका उल्टा भी हो सकता है। कोई पुराना Support टूट जाए तो बाद में कीमत ऊपर आने पर वही क्षेत्र Resistance की तरह काम करता दिखाई दे सकता है।

इसे Role Reversal कहा जाता है।

लेकिन एक बात याद रखिए—पुराना Resistance टूट गया तो वह हर बार Support बनेगा, ऐसा कोई नियम नहीं है।

Chart हमें पुराना व्यवहार दिखाता है पर भविष्य की गारंटी नहीं देता।

क्या Support और Resistance Indicator अपने-आप Levels बता सकता है?

आज TradingView और दूसरे charting platform पर कई ऐसे Indicator मिल जाते हैं जो अपने-आप Support और Resistance की lines दिखा देते हैं।

कुछ Indicator पुराने High-Low देखते हैं, कुछ Pivot Levels का इस्तेमाल करते हैं और कुछ Moving Average जैसे तरीकों से level निकालते हैं।

लेकिन यहाँ एक फर्क समझना जरूरी है।

एक तरीका है कि आप खुद chart देखें और यह समझें कि कीमत पहले किन क्षेत्रों में बार-बार रुकी या वहाँ से पलटी।

दूसरा तरीका है कि कोई Indicator अपने तय formula के आधार पर आपके सामने line बना दे।

दोनों बिल्कुल एक जैसी चीज नहीं हैं।

Indicator आपकी नजर किसी महत्वपूर्ण क्षेत्र की तरफ जरूर ले जा सकता है लेकिन केवल screen पर एक line दिखाई दे रही है, इसलिए वही पक्का Support या Resistance है—ऐसा मानना ठीक नहीं होगा।

Indicator इस्तेमाल करने से पहले इतना जरूर समझिए कि वह level आखिर निकाल किस आधार पर रहा है।

अगर आपको Moving Average के बारे में अलग से पढ़ना हो तो देखें: Moving Average क्या होता है

Support और Resistance कब टूट सकते हैं?

Chart पर कोई Support या Resistance बहुत साफ दिखाई दे रहा हो तब भी यह जरूरी नहीं कि price हर बार वहीं से मुड़े।

जरा सोचिए, अगर किसी company का result अचानक बहुत खराब आ जाए या पूरे market में तेज गिरावट शुरू हो जाए, तो पुराना Support भी आसानी से टूट सकता है।

इसी तरह किसी बड़ी positive खबर के बाद पुराना Resistance बेअसर हो सकता है।

पुराना behaviour कई कारणों से बदल सकता है:

  • कंपनी से जुड़ी अचानक खबर या result
  • पूरे market में तेज गिरावट या तेजी
  • Gap-up या gap-down opening
  • बहुत ज्यादा उतार-चढ़ाव
  • अलग-अलग timeframe पर अलग structure
  • हमारा बनाया हुआ zone ही सही न होना
  • बहुत पुराने price data को जरूरत से ज्यादा महत्व देना

इसलिए Support और Resistance को भविष्य बताने वाली कोई machine मत समझिए।

यह बस chart को थोड़ा व्यवस्थित तरीके से पढ़ने और पुराने price behaviour को समझने का एक तरीका है।

Support और Resistance में होने वाली आम गलतियाँ

1. एक exact price को पक्का level मान लेना

मान लीजिए आपने ₹500 पर Support की line बनाई। Price ₹499.50 या ₹500.50 चला गया तो इसका मतलब यह नहीं कि Support तुरंत fail हो गया।

Market हमेशा एकदम exact number पर react नहीं करता। इसलिए कई बार एक छोटे price area को zone की तरह देखना ज्यादा practical होता है।

2. Support को सस्ता share समझ लेना

यह बहुत common confusion है।

किसी share का ₹400 पर Support होना यह नहीं बताता कि वह share ₹400 पर सस्ता है।

Support chart का concept है। Company वास्तव में सस्ती है या महंगी, यह valuation का अलग सवाल है।

3. Resistance देखते ही बेचने का फैसला कर लेना

Resistance केवल यह बताता है कि इस area के आसपास price पहले रुक चुका है।

यह अपने-आप बेचने का संकेत नहीं बन जाता है।

4. तीन touches को पक्का rule मान लेना

Price किसी area पर कई बार react करे तो वह area ध्यान देने लायक जरूर हो सकता है।

लेकिन ऐसा कोई नियम नहीं है कि तीन बार touch हुआ तो level अब पक्का हो गया।

5. हर Breakout को सही मान लेना

कई बार price Resistance के ऊपर निकलती है और थोड़ी देर बाद वापस पुराने range में आ जाती है।

इसलिए केवल line टूटते ही यह मान लेना कि अब price इसी दिशा में जाएगी, सही नहीं है।

6. Volume को guarantee मान लेना

ज्यादा Volume हमें यह जरूर बताता है कि उस समय trading activity ज्यादा थी।

लेकिन केवल ज्यादा Volume देखकर आगे का movement तय नहीं किया जा सकता।

7. एक Doji या एक candle को आखिरी confirmation मान लेना

एक candle useful संकेत दे सकती है, लेकिन अगली candle क्या करेगी, इसकी guarantee नहीं देती।

Chart को हमेशा थोड़े बड़े context में देखना बेहतर है।

8. हर छोटी swing पर line बना देना

शुरुआत में अक्सर chart पर इतनी सारी lines बन जाती हैं कि chart समझने के बजाय और उलझ जाता है।

हर छोटे move को Support या Resistance बनाने की जरूरत नहीं। पहले उन areas पर ध्यान दीजिए जहाँ price ने साफ और बार-बार reaction दिखाया हो।

9. हर timeframe पर वही exact level ढूँढना

Daily chart पर कोई बड़ा zone साफ दिख सकता है, लेकिन 15-minute chart पर उसी area के अंदर कई छोटे levels दिखाई दे सकते हैं।

इसलिए timeframe बदलने पर Support और Resistance थोड़ा अलग दिखना बिल्कुल सामान्य है।

Candlestick chart basics के लिए देखें: शेयर मार्केट में कैंडलस्टिक चार्ट क्या है

Doji को अलग से समझना हो तो देखें: Doji Candlestick Pattern क्या होता है

Technical Analysis की basic understanding के लिए देखें: टेक्निकल एनालिसिस क्या होता है

अगली बार अगर आप Chart देखें तो इन 6 सवालों से शुरू करें

Support और Resistance निकालते समय बहुत ज्यादा उलझने की जरूरत नहीं है।

आप अगली बार कोई Chart देखें तो बस अपने आप से ये 6 सवाल पूछिए:

  • कीमत ने पहले किन जगहों पर बार-बार साफ प्रतिक्रिया दी है?
  • क्या मैं किसी एक exact price को पकड़ रहा हूँ या उसके आसपास का पूरा zone देख रहा हूँ?
  • मैं कौन-सा timeframe देख रहा हूँ? दूसरे timeframe पर भी वही तस्वीर दिख रही है या कुछ अलग है?
  • कहीं मैंने Chart पर इतनी lines तो नहीं बना दीं कि हर दूसरी जगह Support या Resistance दिखाई देने लगे?
  • कीमत अभी zone के पास है, उसे पार कर चुकी है या बाहर जाकर फिर उसी पुराने range में वापस आ गई है?
  • सबसे जरूरी—क्या मैं पुराने Chart में हुई प्रतिक्रिया को भविष्य में भी वैसा ही होने की गारंटी तो नहीं मान रहा?

यहाँ बस इतना ध्यान रखिए कि Chart हमें यह बताता है कि पहले क्या हुआ था।

आगे भी बिल्कुल वैसा ही होगा, यह वह नहीं बता सकता है।

Support और Resistance से जुड़े कुछ आम सवाल

क्या Support और Resistance हमेशा काम करते हैं?

नहीं। अगर हमेशा काम करते तो chart पढ़ना बहुत आसान होता।

Support और Resistance बस वे पुराने area हैं जहाँ price ने पहले reaction दिखाया था। आगे भी वहीं से price पलटेगा, इसकी कोई गारंटी नहीं है।

इसलिए इन्हें भविष्य बताने वाली लाइनें न समझें। ये सिर्फ आपको यह समझने में मदद करते हैं कि इस area के आसपास price ने पहले कैसा व्यवहार किया था।

क्या ज्यादा Volume आने से Breakout confirm हो जाता है?

नहीं।

Volume से इतना पता चलता है कि उस समय trading activity कितनी है। Breakout के समय ज्यादा Volume दिखे तो हमें थोड़ा और context जरूर मिलता है, लेकिन केवल Volume देखकर यह नहीं कहा जा सकता कि अब price वापस नहीं आएगा।

कई बार अच्छे Volume के साथ Breakout होता है और कुछ समय बाद price फिर पुराने area में लौट आता है।

इसलिए Volume को confirmation न समझें।

क्या Support और Resistance line है या zone?

Chart पर लोग दोनों तरह से mark करते हैं। कोई एक line खींचता है, तो कोई थोड़ा बड़ा area बनाता है।

लेकिन असली market में price हर बार किसी एक exact भाव पर आकर नहीं पलटता है।

मान लीजिए कोई stock पहले ₹440, फिर ₹443 और किसी दूसरी बार ₹446 के आसपास से पलटा। अब केवल ₹443 की एक exact line बनाने से बेहतर है कि ₹440 से ₹446 के आसपास के area को देखें।

इसलिए शुरुआत में Support और Resistance को exact line की जगह zone या area समझना ज्यादा आसान रहता है।

क्या जितनी बार level test हो, वह उतना मजबूत होता जाता है?

ऐसा कोई पक्का rule नहीं है।

अगर किसी area के आसपास price ने कई बार reaction दिया है तो वह chart पर ज्यादा साफ दिखाई देने लगता है। लेकिन इसका यह मतलब नहीं कि अगली बार भी वही level जरूर hold करेगा।

क्या Support टूटने के बाद Resistance बन सकता है?

हाँ, chart में ऐसा behavior देखने को मिलता है।

मान लीजिए किसी stock को ₹500 के आसपास बार-बार support मिल रहा था और बाद में price ₹500 के नीचे चला गया।

कुछ समय बाद वही stock वापस ₹500 के आसपास आया और वहाँ से फिर नीचे जाने लगा।

ऐसी स्थिति में पुराना Support area Resistance की तरह behave करता दिखाई दे सकता है।

लेकिन यहाँ भी वही बात—यह हर बार होना जरूरी नहीं है।

क्या Nifty या किसी Index पर भी Support और Resistance देखे जा सकते हैं?

हाँ। तरीका लगभग वही है।

Index के पुराने price reactions देखे जाते हैं कि वह किन areas के आसपास पहले रुका, पलटा या कुछ समय तक अटका रहा।

बस फर्क इतना है कि Nifty जैसे Index में कई कंपनियाँ शामिल होती हैं। इसलिए उसकी चाल के पीछे किसी एक company का नहीं बल्कि कई shares, sectors और पूरे market का असर हो सकता है।

इसलिए chart पर कोई level दिख जाना पूरी कहानी नहीं बताता।

और अंत में…

Support और Resistance को समझने का सबसे आसान तरीका यही है कि इन्हें भविष्य बताने वाली लाइनें नहीं, बल्कि price के पुराने reaction areas समझें।

अगर आप exact line, target और पक्की confirmation खोजते-खोजते परेशान हो रहे हैं तो थोड़ा पीछे हटकर chart की बड़ी तस्वीर भी  देखिए।

Price पहले कहाँ रुका?

कहाँ से पलटा?

कहाँ कोई पुराना area टूट गया?

और कहाँ Breakout के बाद price वापस उसी area में आ गया?

अलग timeframe पर वही chart कैसा दिख रहा है?

बस इतना समझ आ गया तो Support और Resistance  को आप काफी हद तक समझने लगेंगे |

आप हमें comment करके बताइए कि यह लेख आपको कैसा लगा और Technical Analysis में कौन-सी बात अभी भी आपको सबसे ज्यादा confuse करती है?

 

नोट: यह लेख केवल financial education और awareness के लिए है। यहाँ दिए गए chart और उदाहरण केवल illustration हैं। इन्हें किसी security को Buy, Sell या Hold करने की सलाह न समझें।
शेयर करें!

2 thoughts on “Support & Resistance क्या हैं? Chart पर Zones और Breakout समझें”

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

आप इस पेज की सामग्री को कॉपी नहीं कर सकते!

Scroll to Top