SIF क्या है? ₹10 लाख, Long-Short Strategy, Risk & Liquidity समझें

मान लीजिए आपके पास ₹10 लाख हैं।

अब कोई आपसे कहता है कि एक ऐसा investment option है जो Mutual Fund की तरह लोगों का पैसा एक साथ invest करता है, लेकिन Fund Manager को सामान्य Mutual Fund से कुछ ज्यादा flexibility मिलती है।

क्योंकि यहाँ पर वह stocks खरीद सकता है, Debt में पैसा लगा सकता है और कुछ strategies में derivatives के जरिए short position भी ले सकता है।

अब सवाल यह है—

यह Mutual Fund है, PMS है या कुछ और?

इसी जगह SIF का नाम आता है।

SIF का पूरा नाम है: Specialized Investment Fund

यह नाम थोड़ा भारी लगता जरूर है लेकिन इसका basic idea समझना उतना मुश्किल नहीं है।

SEBI ने SIF का framework इसीलिए बनाया क्योंकि सामान्य Mutual Fund और PMS के बीच investment flexibility का काफी बड़ा gap था।

Mutual Fund में आपकी entry छोटी रकम से हो सकती है, लेकिन Fund Manager पर investment rules काफी सारे होते हैं।

दूसरी तरफ आपको PMS में ज्यादा flexibility मिल तो सकती है, लेकिन सामान्य minimum investment ही ₹50 लाख होता है।

तो, SIF इन दोनों के बीच आता है और आपको एक अलग regulated structure देता है।

लेकिन यहाँ पर आप एक बात शुरू में ही साफ कर लें।

नाम में “Specialized” जरूर है, इसका मतलब return भी automatically special होगा……ऐसा कोई नियम नहीं है।

SEBI ने SIF का regulatory framework 27 February 2025 को जारी किया था और यह 1 April 2025 से लागू हुआ।

वर्तमान में SIF पर SEBI के Mutual Funds Regulations, 2026 और संबंधित Master Circular तथा बाद के rules लागू होते हैं।

Table of Contents

SIF आखिर है क्या?

आसान भाषा में समझें तो SIF भी Mutual Fund framework के अंदर ही आता है।

यह कोई unregulated private product नहीं है।

कोई भी एक eligible Mutual Fund, SEBI की conditions को पूरी करके SIF establish कर सकता है और उसके अंदर अलग-अलग investment strategies launch कर सकता है।

लेकिन सामान्य Mutual Fund की तुलना में कुछ SIF strategies को investment और derivatives इस्तेमाल करने में ज्यादा flexibility मिलती है।

यही flexibility ही इसका main difference है और यही इसका extra risk भी हो सकता है।

इसलिए SIF को केवल: “Mutual Fund का upgraded version” समझना सही नहीं होगा क्योंकि यह अलग तरह की strategies के लिए बनाया गया एक structure है।

क्या SIF में Minimum Investment ₹10 लाख है?

यहाँ पर सबसे ज्यादा confusion होती है।

आप अक्सर पढ़ेंगे: SIF minimum investment = ₹10 lakh

यह बात broadly सही है लेकिन यहाँ आपको पूरी बात समझना जरूरी है।

SEBI के current framework के अनुसार एक investor की उस SIF की सभी investment strategies में कुल investment, PAN level पर कम-से-कम ₹10 लाख होनी चाहिए।

जैसे मान लीजिए किसी SIF के अंदर तीन strategies हैं:

Strategy A
Strategy B
Strategy C

यह जरूरी नहीं कि हर strategy में ₹10-₹10 लाख लगाएँ।

मान लीजिए आपने उसी SIF में ₹4 लाख Strategy A में, ₹3 लाख Strategy B में और ₹3 लाख Strategy C में लगाए।

यानि कुल निवेश हुआ ₹10 लाख

तो यहाँ पर PAN level पर आपका SIF का ₹10 लाख threshold पूरा हो सकता है।

एक बात और

उसी AMC के normal Mutual Funds में आपका ₹20 लाख पड़ा है तो वह ₹10 लाख SIF threshold में नहीं जुड़ेगा।

ध्यान दें, SIF की investment अलग count होती है।

क्या हर बार ₹10 लाख ही डालने पड़ेंगे?

नहीं।

यह भी एक common confusion है।

पहली बार minimum threshold पूरा होने के बाद कुछ SIF strategies में additional investment काफी छोटी रकम से की जा सकती है।

Current SIF documents में ₹10,000 जैसे additional purchase amounts भी देखने को मिलते हैं लेकिन यह हर SIF में same होना जरूरी नहीं है।

किसी में यह राशि ₹10,000 हो सकती है तो किसी में ₹25,000 और किसी में SIP की अलग minimum amount हो सकती है।

इसलिए यहाँ Google पर किसी random article का number याद करने से बेहतर है कि उस particular SIF का ISID check करें।

यहाँ पर SEBI framework आपको SIP, SWP और STP जैसी facilities की अनुमति भी देता है, बशर्ते आपके ₹10 लाख minimum threshold के rules पूरे होते रहें।

Accredited Investor के लिए क्या ₹10 लाख rule लागू है?

SEBI framework में Accredited Investor को minimum ₹10 lakh threshold से छूट दी गई है।

लेकिन Accredited Investor का अपना regulatory meaning और eligibility होती है।

यहाँ ध्यान दें कि सिर्फ ज्यादा पैसा होना अपने-आप किसी को Accredited Investor नहीं बना देता।

SIF में Long और Short क्या होता है?

आपको SIF की चर्चा में सबसे ज्यादा दो शब्द सुनाई देंगे…वह हैं

Long और Short

आइये पहले Long समझते हैं।

मान लीजिए Fund Manager को लगता है कि किसी company का share आगे अच्छा perform कर सकता है।

तो वह share खरीदता है और इसे broadly Long position कह सकते हैं।

अगर Share ऊपर गया तो आपको फायदा हो सकता है पर अगर नीचे गया तो नुकसान होगा।

यह हिस्सा सामान्य equity investing जैसा ही है।

लेकिन Short में कहानी उल्टी हो जाती है।

यहाँ पर अगर Fund Manager को लगता है कि किसी share या market position की कीमत भविष्य में गिर सकती है, तो permitted derivatives के जरिए ऐसी position ली जा सकती है जिसमें गिरावट से उसे फायदा हो सकता है।

आइये थोड़ा हिसाब लगाते हैं।

₹10 लाख के example से Long-Short समझिए

sif strategy

मान लीजिए किसी SIF strategy का ₹10 लाख का portfolio है।

सिर्फ समझने के लिए मान लेते हैं कि यहाँ पर ₹8 लाख long exposure है और ₹2 लाख का short exposure derivatives के जरिए लिया गया है।

अब जिस ₹2 लाख exposure को short किया गया है उसकी कीमत 10% गिरती है।

तो बहुत simple example में उस short position से करीब ₹20,000 का फायदा हो सकता है।

लेकिन अगर वही position 10% ऊपर चली गई?

तो लगभग:

₹20,000 का नुकसान भी हो सकता है।

यानी Short कोई जादुई safety belt नहीं है इस बात का ध्यान रखें|

यानि Short position आपकी तभी मदद करेगी जब Fund Manager का view और उसकी execution सही निकले।

यह example केवल mechanism समझाने के लिए है। Actual derivatives में contract size, price movement, basis, costs और portfolio की दूसरी positions भी फाइनल result को बदल सकती है।

SIF कितना Short कर सकता है?

यहाँ भी Fund Manager को खुली छूट नहीं है कि आधा portfolio को ही short कर दिया जाये।

SEBI framework के तहत portfolio level पर unhedged short exposure derivatives के जरिए 25% तक हो सकती है, साथ में instrument और strategy के दूसरे limits भी लागू होते हैं।

SEBI के अपने illustration में भी overall unhedged short exposure की अधिकतम सीमा 25% दिखाई गई है।

ध्यान दीजिए:

यह 25% तक हो सकती है पर इसका मतलब यह नहीं कि हर SIF हमेशा 25% short रहेगा।

किसी समय short exposure कम भी हो सकती है और किसी समय zero भी हो सकती है।

SEBI clarification में भी minimum short exposure को हमेशा बनाए रखने की कोई requirement नहीं बताई गई है।

क्या Long-Short का मतलब Market Neutral है?

नहीं।

यह बहुत जरूरी बात है।

कई लोग “Long-Short” सुनकर समझते हैं कि:

50% long
50% short

तो market चाहे ऊपर जाए या नीचे, fund पर फर्क नहीं पड़ेगा।

देखिये….ऐसा जरूरी नहीं है।

मान लीजिए किसी strategy में:

₹80 long है
₹20 short है

तो net exposure अभी भी काफी long है। समझे आप |

Market अगर इस दशा में जोर से गिरा तो short position कुछ नुकसान कम कर सकती है लेकिन long portfolio का नुकसान उससे बड़ा भी हो सकता है।

इसी तरह market अगर तेजी से ऊपर गया और short की गई positions भी ऊपर चली गईं तो कुल पोर्टफोलियो को नुकसान पहुँचा सकती है।

इसलिए: Long-Short ≠ Market Neutral

Long-Short का मतलब केवल इतना है कि वह strategy long और permitted short positions दोनों का इस्तेमाल कर सकती है।

क्या Short Position का काम सिर्फ नुकसान बचाना है?

नहीं।

Short position दो अलग तरह से इस्तेमाल हो सकती है।

एक है:

Hedging

यानी किसी existing risk को कम करने के लिए।

दूसरा है:

Unhedged Short

जहाँ पर कोई Fund Manager गिरावट से return बनाने की कोशिश कर रहा है।

SIF की खास बात यह है कि permitted limits के अंदर unhedged short positions भी ली जा सकती हैं।

यहीं normal Mutual Fund से इसकी flexibility बढ़ती है और complexity भी।

SIF में कौन-कौन सी Strategies होती हैं?

SEBI के current reporting framework में सात broad SIF strategy categories हैं।

1. Equity Long-Short Fund

यहाँ पर मुख्य investment equity में और साथ में limited short exposure equity derivatives के जरिए होता है।

2. Equity Ex-Top 100 Long-Short Fund

यह स्ट्रेटेजी large-cap यानी top 100 companies से बाहर की companies पर focus कर सकती है और साथ में limited short exposure भी हो सकता है।

3. Sector Rotation Long-Short Fund

यह स्ट्रेटेजी अलग-अलग sectors के बीच allocation बदल सकती है।

जैसे मान लीजिए कि Fund Manager को एक समय Banking sector बेहतर लगता है और IT कमजोर पर कुछ समय बाद उसका view बदल सकता है।

SEBI clarification के अनुसार ऐसी strategy में sectors समय के साथ बदले जा सकते हैं और long तथा short दोनों positions मिलाकर maximum sector limits लागू होती है।

4. Debt Long-Short Fund

यह स्ट्रेटेजी debt instruments में long positions के साथ permitted debt derivatives में short positions ले सकती है।

यहाँ interest-rate और credit related risks को समझना जरूरी हो जाता है क्योंकि इनका प्रभाव रिटर्न पर पड़ सकता है |

5. Sectoral Debt Long-Short Fund

यह स्ट्रेटेजी Debt के कुछ ख़ास sectors पर focus कर सकती है और इसके साथ में permitted short exposure भी हो सकता है।

6. Active Asset Allocator Long-Short Fund

यह स्ट्रेटेजी equity और debt के साथ दूसरी permitted asset classes के बीच अपना allocation बदल सकती है।

इस प्रकार के फंड में equity, debt, derivatives, InvIT और commodity derivatives जैसे exposures की ranges भी देखने को मिलती हैं।

7. Hybrid Long-Short Fund

यह Equity और debt दोनों का mix होता है और साथ में limited short positions भी रह सकती हैं।

इसलिए केवल “Hybrid” शब्द को देखकर यह मान लेना सही नहीं कि दो अलग Hybrid SIF एक जैसे चलेंगे।

उनका actual asset allocation और short strategy अलग अलग हो सकती है।

एक ही Category के दो SIF अलग कैसे हो सकते हैं?

ऐसा हो सकता है और वह भी बहुत आसानी से।

मान लीजिए दो Hybrid Long-Short strategies हैं।

यहाँ पर दोनों का नाम Hybrid है लेकिन पहला equity ज्यादा रखता है और दूसरा debt ज्यादा रखता है।

एक short positions actively बदलता है और दूसरा short exposure बहुत कम रखता है।

एक duration risk लेता है पर दूसरा नहीं।

तो यहाँ पर दोनों का behavior काफी अलग हो सकता है।

SIF और Mutual Fund में क्या फर्क है?

आइये इसे आसान table से समझते हैं।

बातसामान्य Mutual FundSIF
पैसा pooled होता हैहाँहाँ
SEBI regulatedहाँहाँ
Entry amountकाफी कम हो सकती हैसामान्यतः कुल ₹10 लाख threshold
Strategy flexibilityअपेक्षाकृत कमज्यादा
Unhedged short exposureसामान्य MF से ज्यादा restrictedpermitted limits के अंदर possible
Complexitycomparatively आसानज्यादा काम्प्लेक्स
Liquidityscheme पर dependstrategy पर काफी depend
Main documentSIDISID

इसलिए SIF को normal Mutual Fund के साथ केवल return percentage से compare करना एक अधूरा comparison होगा।

पहले यह देखना होगा कि दोनों क्या कर रहे हैं।

SIF और PMS में क्या फर्क है?

देखिये यहाँ structure बदल जाता है।

SIF में आपका पैसा बाकी investors के साथ pooled fund में जाता है और आपको units मिलती हैं।

जबकि PMS में Portfolio Manager आपके portfolio को अलग account के रूप में ही manage करता है।

General PMS minimum investment अभी ₹50 लाख है और SIF का सामान्य minimum threshold ₹10 लाख है।

यही वजह है कि SEBI ने SIF को Mutual Fund और PMS के बीच मौजूद gap को भरने वाला एक structure बताया था।

लेकिन सिर्फ minimum amount देखकर दोनों को compare मत कीजिए।

क्योंकि दोनों में ही Structure अलग है, Ownership अलग है, Reporting अलग है और Strategy भी अलग हो सकती है।

SIF और AIF में क्या फर्क है?

AIF यानी Alternative Investment Fund एक अलग regulatory structure है।

General AIF minimum investment ₹1 crore है, हालांकि regulations में कुछ exceptions भी हैं।

इसलिए roughly देखें तो:

Mutual Fund → low entry

SIF → ₹10 lakh

PMS → ₹50 lakh

AIF → generally ₹1 crore

लेकिन यह केवल एक entry-ticket comparison ही है।

इसे risk ladder समझ लेना गलत होगा क्योंकि ₹1 crore minimum होने से कोई product automatically ज्यादा अच्छा या ज्यादा खराब नहीं हो जाता है।

क्या SIF Mutual Fund से ज्यादा Return देगा?

देखिये ऐसा कुछ भी नहीं कहा जा सकता है और जो भी confidence से अभी कह रहा है कि SIF हमेशा Mutual Fund से ज्यादा return देगा, वह future पहले से जानने की कोशिश कर रहा है।

SIF किसी Fund Manager को ज्यादा tools देता है लेकिन ज्यादा tools का मतलब ज्यादा return की guarantee नहीं है।

इसे ऐसे समझें –

एक अच्छा chef दस मसाले इस्तेमाल कर सकता है लेकिन दस मसाले डालने से खाना automatically अच्छा नहीं हो जाता।

कभी नमक भी ज्यादा पड़ जाता है कंभी कम |

कभी Long-short strategy सही चली तो फायदा हो सकता है पर अगर Short calls गलत हुईं तो performance कम भी हो सकती है।

Extra trading और derivatives से costs भी बढ़ सकती हैं।

और सबसे बड़ी बात—

SIF भारत में अभी नई category है और बहुत-सी live strategies का track record अभी भी काफी छोटा है।

कुछ महीनों का return देखकर यह मान लेना कि फलां strategy bull, bear, sideways, crash और recovery हर तरह के market में कैसी चलेगी, जल्दीबाजी होगी।

क्या SIF गिरते Market में नुकसान से बचा देगा?

यह जरूरी नहीं।

Short position नुकसान को कुछ हद तक कम कर सकती है लेकिन तभी जब तक:

  • Short exposure पर्याप्त हो।
  • Short की गई positions सही हों।
  • Long portfolio का नुकसान short gain से ज्यादा न हो।
  • और strategy सही समय पर सही तरह execute हो।

मान लीजिए:

Long side पर ₹8 लाख है और वह 15% गिर गई।

तो यहाँ Loss लगभग ₹1.20 लाख हुआ |

अब Short side ₹2 लाख की थी और वह 10% फायदा देती है यानि ₹20,000 तो net portfolio अभी भी loss में रहेगा।

हाँ, नुकसान शायद short के बिना जितना होता उससे कम हो।

लेकिन:

Downside cushion और downside guarantee दो अलग बातें हैं।

क्या SIF Safe है क्योंकि SEBI Regulated है?

देखिये SEBI regulated होना जरूरी और अच्छी बात है लेकिन SEBI regulation का मतलब capital guarantee नहीं होता है।

Current SIF documents खुद साफ warning देते हैं कि SIF में relatively higher risk, capital loss, liquidity risk और market volatility हो सकती है।

इसे ऐसे समझिए:

Traffic rules और driving license होने से road regulated तो हो जाती है पर Accident तो impossible नहीं हो जाता…।

SIF में Liquidity कैसी है?

इस section को बहुत ध्यान से समझिए।

हर SIF में यह जरूरी नहीं कि आज request डालें और कल पैसा bank में आ जाए।

देखिये SIF strategy Open-ended हो सकती है, Interval हो सकती है और rules के अनुसार दूसरी permitted structure वाली भी हो सकती है।

Exact subscription और redemption frequency उसके ISID में दी जाती है।

Current SEBI framework अलग categories के लिए minimum redemption frequency भी तय करता है।

कुछ interval strategies में units exchange पर list भी हो सकती हैं लेकिन Listed होना और liquid होना एक ही बात नहीं है।

Exchange पर unit listed है तो theoretically खरीदी-बेची जा सकती है।

लेकिन buyer कितने हैं?

Bid-ask spread कितना है?

Desired price पर transaction होगा या नहीं?

यह एक अलग सवाल है।

इसलिए liquidity check करते समय सिर्फ “listed” word को देखकर आगे मत बढ़िए।

₹10 लाख लगाए और बाद में ₹3 लाख निकालने हों तो?

यह बहुत ही practical question है।

मान लीजिए आपने सिफ में ₹12 लाख लगाए जिसकी कुछ समय बाद value ₹13 लाख हो गई।

अब आप ₹3 लाख निकालना चाहते हैं और निकालने के बाद ₹10 लाख बचेंगे।

यहाँ Threshold maintain है।

यह possible हो सकता है, subjected to SIF strategy के redemption rules के अनुसार।

लेकिन मान लीजिए कुल ₹11 लाख value है और आप ₹3 लाख निकालना चाहते हैं तो आपका Balance रहा ₹8 लाख |

अब ₹10 lakh minimum threshold टूट जाएगा।

SEBI framework के अनुसार AMC को investor-initiated transactions से active minimum-threshold breach नहीं होने देना है।

इसलिए partial redemption करते समय इस threshold को maintain करना बहुत important है।

Market गिरने से Value ₹10 लाख से नीचे चली जाए तो?

अब कहानी थोड़ी अलग है।

मान लीजिए आपने exactly ₹10 lakh invest किए।

अब Market गिरा और value ₹9.20 lakh रह गई।

यहाँ आपने कोई withdrawal नहीं किया तो यह passive breach है।

यानी threshold आपके action से नहीं टूटा है।

SEBI framework इसे investor की violation नहीं मानता है।

लेकिन ऐसी स्थिति में redemption पर अलग treatment लागू हो सकता है।

SIF Framework के अनुसार passive breach में investor पूरी remaining investment का redemption कर सकता है|

इसलिए ₹10 lakh minimum को सिर्फ entry-ticket मत समझिए क्योंकि यह बाद के transactions में भी important है।

SIF में SIP कर सकते हैं?

हाँ, SIF framework SIP, SWP और STP जैसी systematic facilities allow करता है।

लेकिन ₹10 lakh minimum threshold maintain होना चाहिए।

इसलिए SIF में SIP का मतलब यह नहीं है कि ₹5,000 SIP शुरू की और ₹10 lakh rule भूल गए।

Exact initial amount और बाद की SIP minimum उस SIF के ISID में देखें।

SIF और SIP एक ही चीज हैं?

नहीं।

दोनों नाम सुनने में थोड़े मिलते जुलते हैं लेकिन दोनों का कोई सीधा संबंध नहीं है।

SIF एक investment structure/category है।

जबकि SIP पैसा invest करने का तरीका है।

आप Mutual Fund में SIP कर सकते हैं और कुछ SIF strategies में भी SIP facility हो सकती है।

SIF में Costs कैसे समझें?

यहाँ केवल Expense Ratio देखकर काम खत्म नहीं होता।

कम-से-कम इन चार चीजों को भी देखें।

1. Expense Ratio

इसका मतलब है कि Fund चलाने के लिए कितनी annual cost NAV से charge हो रही है।

आप Actual current TER SIF की website पर जरूर देखें।

Offer document में maximum permitted expense देखकर यह मत मानिए कि वही actual expense है।

2. Direct और Regular Plan

अगर कोई strategy दोनों plans देती है तो Regular Plan में distribution cost की वजह से expense अलग हो सकता है।

इसलिए आप comparison हमेशा same plan के बीच करें।

Direct को Regular और Regular को Direct से compare करेंगे तो picture गड़बड़ा सकती है।

3. Brokerage और Transaction Cost

देखिये Long-short strategy में trading ज्यादा हो सकती है और Derivatives transactions भी हो सकते हैं।

इसलिए headline TER के अलावा transaction-related costs को भी समझना useful है।

Current SIF documents brokerage, transaction costs और statutory levies की treatment अलग से disclose करते हैं।

4. Exit Load

अगर आप जल्दी पैसा निकालते हैं तो exit load लग सकता है और हर strategy का exit-load structure अलग हो सकता है।

इसलिए ISID देखें।

SIF की 2% Expense Ratio ज्यादा है या कम?

देखिये यहाँ पर सिर्फ number देखकर जवाब मत निकालिए।

पहले यह देखें कि:

  • यह actual TER है या maximum possible?
  • Direct Plan है या Regular?
  • इसमें कौन-सी costs शामिल हैं?
  • Strategy कितनी active है?
  • Comparable strategy की cost क्या है?

और सबसे जरूरी:

Cost के बाद investor को क्या मिला?

₹10 लाख पर 1% annual cost करीब ₹10,000 के आसपास बैठती है, value और timing को simple मानें तो।

यानि छोटा percentage भी लंबे समय में छोटा नहीं रहता।

देखिये: Expense Ratio का long-term असर (कैलकुलेटर)

Risk Band क्या है?

SIF में SEBI ने एक Risk Band framework रखा है।

यहाँ Risk Band 1 से 5 तक होता है।

Broadly:

1 = lower risk side

5 = higher risk side

Current SIF documents investment strategy और benchmark दोनों का Risk Band दिखा सकते हैं।

लेकिन केवल Risk Band देखकर पूरा फैसला नहीं होना चाहिए।

दो Risk Band 3 strategies में भी:

  • asset mix अलग हो सकती है।
  • short exposure अलग हो सकती है।
  • liquidity अलग हो सकती है।
  • concentration अलग हो सकती है।

इसलिए Risk Band एक शुरुआत है मात्र है और पूरी analysis नहीं है |

SIF का Return आखिर आता कहाँ से है?

यह सबसे अच्छा सवाल है।

किसी SIF का return देखकर केवल:

“इसने 12% दिया” मत देखिए।

आप पूछिए:

12% आखिर आया कहाँ से?

देखिये इसके Possible sources हो सकते हैं:

  • Long equity positions
  • Debt income
  • Interest-rate movement
  • Asset allocation
  • Short positions
  • Arbitrage-type opportunities
  • Commodity exposure, जहाँ permitted हो

या फिर इन सबका mix भी हो सकता है।

यही कारण है कि दो SIF का return same हो सकता है लेकिन risk लेने का तरीका बिल्कुल अलग।

SIF को Evaluate करते समय कौन-सा Document पढ़ें?

यहाँ से article सबसे practical हो जाता है।

आपके लिए किसी भी SIF का advertisement देखने से ज्यादा जरूरी उसका ISID पढ़ना है।

ISID यानी:

Investment Strategy Information Document

यह नाम लंबा जरूर है लेकिन इसमें आपकी जरूरत की ज्यादातर बातें मिल जाती हैं।

Current SEBI-filed documents भी investor से ISID और SAI को साथ पढ़ने की बात कहते हैं।

ISID में सबसे पहले क्या देखें?

देखिये अगर आप पूरे 80-100 pages पहली बार पढ़ने बैठेंगे तो Sunday भी निकल जाएगा।

तो सबसे पहले पहले ये हिस्से देखें।

1. Category

क्या केटेगरी है sif की-

Equity Long-Short?

Hybrid?

Debt?

Sector Rotation?

यहीं से पूरा basic structure समझ में आता है।

2. Type of Strategy

Open-ended है या interval?

यह liquidity को समझने के लिए जरूरी है।

3. Investment Objective

Strategy आखिर करना क्या चाहती है?

लेकिन केवल objective पढ़कर खुश मत हो जाइए क्योंकि हर document में objective अच्छा ही होगा।

इसलिए अगला section ज्यादा important है।

4. Asset Allocation

आपका पैसा कहाँ जा सकता है?

Equity minimum/maximum कितना होगा?

Debt कितना है?

Derivative short कितनी है?

Commodity exposure है या फिर नहीं?

InvIT exposure है?

तो यह section आपको SIF strategy का असली ढांचा दिखाता है।

5. Investment Approach

यहाँ आपको पता चलेगा कि Fund Manager strategy को चलाने के लिए क्या सोच रखता है?

यानि वह Short कब इस्तेमाल करेगा, Allocation कैसे बदलेगा और यहाँ किस type के securities चुने जा सकते हैं?

6. Risk Band

Strategy का current risk band क्या है?

Benchmark का क्या है?

7. Liquidity

यहाँ आप जान पाएंगे कि:

Redemption daily है या Week में कुछ दिन या फिर किसी ख़ास Interval window में?

क्या यह एक Exchange listing है?

तो यह section skip मत कीजिए।

8. Expenses

यहाँ आप देख पाएंगे:

  • Current TER
  • Direct/Regular difference
  • Exit Load
  • Transaction-related costs

9. Benchmark

आप को देखना होगा कि यह Strategy किस benchmark से compare होगी?

अगर strategy hybrid है और benchmark pure equity है तो comparison misleading हो सकता है।

इसीलिए benchmark को समझना जरूरी है।

SAI क्या होता है?

SAI यानी:

Statement of Additional Information

इसमें सामान्य legal, operational, tax और risk-related information मिल सकती है।

ISID एक strategy-specific document है और SAI broader information देता है।

यानि दोनों एक-दूसरे के replacement नहीं हैं।

क्या SIF के Derivatives देखकर डरना चाहिए?

Derivatives शब्द देखते ही दो extreme reactions आते हैं।

एक:

“यह बहुत dangerous है।”

दूसरा:

“वाह, अब return double होगा।”

यहाँ दोनों गलत हो सकते हैं।

देखिये Derivative एक tool है।

यहाँ पर Risk इस बात पर depend करता है कि उसे कैसे इस्तेमाल किया गया।

Hedging के लिए, Short view के लिए या फिर Portfolio rebalance के लिए?

और तो और उसमें कितना exposure और कितना concentration था?

इसलिए derivatives का presence होना अकेला answer नहीं है।

SIF में Tax कैसे लगता है?

इसका एक universal answer नहीं है।

और यही याद रखें।

SIF की tax treatment उसकी actual tax classification और asset mix पर depend कर सकती है।

सिर्फ नाम देखकर:

“Equity Long-Short है तो equity tax ही होगा”

मान लेना ठीक नहीं।

Current tax law में equity-oriented fund और specified mutual fund की अलग definitions हैं।

उदाहरण के लिए current Section 50AA framework में वह Mutual Fund जो 65% से ज्यादा proceeds debt और money-market instruments में लगाता है, “Specified Mutual Fund” की definition में आ सकता है।

Current Income Tax guidance भी यही बताती है।

दूसरी तरफ equity-oriented fund की अपनी tax definition है।

इसलिए:

पहले strategy की tax classification समझिए फिर tax rate देखिए।

Current ISID/SAI में tax section देखें और जरूरत हो तो tax professional से confirm करें।

ध्यान दें समय समय पर Tax rules बदल भी सकते हैं।

क्या Hybrid SIF में Equity और Debt हिस्से का Tax अलग-अलग लगेगा?

सामान्य तौर पर investor को केवल portfolio के अंदर equity और debt portion देखकर tax split assume नहीं करना चाहिए।

यहाँ Unit की applicable tax classification देखनी होगी।

यानी यह calculation:

“60% equity है तो gain का 60% equity tax और 40% debt tax”

ऐसे सीधे नहीं की जाती है।

Exact classification को latest tax law और strategy documents से कन्फर्म करें।

इतने कम Track Record में SIF को कैसे समझें?

यही अब तक की सबसे बड़ी limitation है।

देखिये यह Framework नया है और कई strategies तो उससे भी नई हैं।

इसलिए यहाँ पर 3 महीने, 6 महीने या 10 महीने का return एक useful data point हो सकता है लेकिन पूरा market-cycle evidence नहीं।

एक strategy को ideally अलग परिस्थितियों में देखना ज्यादा useful होता है जैसे :

  • तेजी का market
  • गिरता market
  • sideways market
  • high volatility
  • low volatility
  • और अलग interest-rate environment

SIF category अभी इतनी पुरानी नहीं हुई है कि हर strategy के लिए ये सारे live periods उपलब्ध हों।

इसलिए शुरुआती return को proof की तरह नहीं बल्कि एक early data की तरह देखना ज्यादा जरूरी है।

पिछले 6 महीने में SIF ने Mutual Fund से बेहतर किया — क्या यही काफी है?

नहीं।

पहले यह check करें:

  • दोनों ने कितना risk लिया?
  • क्या Asset allocation same था?
  • Benchmark क्या था?
  • Short exposure कितनी थी?
  • Period कब शुरू हुआ?
  • क्या return annualized दिखाया जा रहा है?
  • Costs के बाद क्या return है?

एक अलग product को केवल “इसने 12%, उसने 9%” से compare करना अक्सर सेब और संतरे जैसी तुलना हो सकती है।

क्या ₹10 लाख पूरे एक SIF में लगाने चाहिए?

यहाँ मैं कोई allocation recommendation नहीं दूँगा।

क्योंकि सही सवाल ₹10 lakh नहीं है।

सही सवाल है:

  • यह strategy करती क्या है?
  • Risk कहाँ से आता है?
  • Liquidity कैसी है?
  • क्या ₹10 lakh आपके पूरे investible assets का बड़ा हिस्सा है या छोटा?
  • क्या आपने strategy document समझा है?

और अगर अगले कुछ समय return खराब रहा तो क्या आप जानते हैं कि ऐसा क्यों हो सकता है?

आपके लिए यही evaluation useful है।

SIF में पैसा कैसे लगाया जाता है?

Investment आम तौर पर संबंधित SIF/AMC के official channels, authorized intermediaries या उन platforms के जरिए किया जा सकता है जहाँ वह strategy उपलब्ध हो।

लेकिन app में नाम दिखाई देना ही काफी नहीं है।

आप कोई भी Transaction करने से पहले official SIF page और ISID जरूर देखें।

SEBI ने July 2026 में SIF distribution के लिए अलग certification requirements भी जारी की हैं।

किसी भी SIF को समझने के लिए मेरी Simple Checklist

अगर आपके सामने कोई SIF है तो पहले return table बंद कीजिए।

और ये सवाल पूछिए:

1. यह कौन-सी SIF category है?

  • Equity?
  • Debt?
  • Hybrid?
  • Sector Rotation?

2. Long exposure कहाँ है?

Portfolio का main risk कहाँ से आ रहा है?

3. Short exposure कितनी हो सकती है?

और short किस चीज में है?

  • Equity?
  • Debt?

किस purpose से?

4. Net exposure कितना रह सकता है?

Long-Short नाम देखकर market-neutral assume न करें।

5. Liquidity क्या है?

  • Daily?
  • Interval?
  • Exchange listing?
  • Exit Load?

6. Current cost कितनी है?

Actual TER देखें।

Maximum permitted TER नहीं।

7. Risk Band क्या है?

Portfolio की concentration कैसी है?

8. Return का engine क्या है?

  • Equity?
  • Debt?
  • Short calls?
  • Asset Allocation?

या फिर सबका mix?

9. Track record कितना है?

क्या आपने केवल कुछ अच्छे महीनों को देखकर ही conclusion निकाल लिया है?

10. ISID में क्या लिखा है?

केवल Advertisement मत देखिये बल्कि Document भी ध्यान से पढ़िए|

SIF के बारे में कुछ छोटे लेकिन कुछ जरूरी सवाल

क्या SIF Mutual Fund है?

यह SEBI के Mutual Fund regulatory framework के भीतर Specialized Investment Fund structure है, लेकिन सामान्य Mutual Fund schemes से इसकी permitted strategies और minimum-investment framework अलग है।

क्या SIF PMS है?

नहीं।

PMS एक अलग regulatory structure है।

क्या SIF AIF है?

नहीं।

AIF एक अलग investment vehicle है।

क्या SIF में ₹10 लाख हर strategy में लगाने पड़ते हैं?

नहीं। इसका मतलब यह नहीं है कि आपको हर SIF strategy में ₹10-₹10 लाख लगाने हैं।

मान लीजिए एक SIF के अंदर 3 अलग strategies हैं।

आपने पहली में ₹4 लाख, दूसरी में ₹3 लाख और तीसरी में ₹3 लाख लगाए।

कुल मिलाकर उसी SIF में आपके ₹10 लाख हो गए।

तो यहाँ ₹10 लाख की minimum limit पूरी मानी जा सकती है।

लेकिन बाद में आप ₹10,000, ₹25,000 या किसी दूसरी रकम से और पैसा लगा सकते हैं या नहीं, यह उस particular strategy के rules पर depend करेगा।

क्या ₹10 लाख Mutual Fund में पहले से हों तो SIF threshold पूरा हो जाएगा?

नहीं।

Regular Mutual Fund holdings SIF के ₹10 lakh threshold में count नहीं होतीं है।

क्या Market गिरकर value ₹9 लाख हो जाए तो investment illegal हो जाएगा?

नहीं।

NAV गिरने की वजह से threshold के नीचे आना passive breach हो सकता है और इसे investor violation की तरह treat नहीं किया जाता है। लेकिन आपके redemption rules पर इसका असर हो सकता है।

क्या SIF में SIP हो सकती है?

हाँ, जहाँ strategy offer करती हो वहां हो सकती है। पर इसके लिए भी Minimum threshold rules फिर भी लागू रहते हैं।

क्या Long-Short SIF guaranteed downside protection देता है?

नहीं।

क्या SIF में पैसा lock हो जाता है?

हर SIF में पैसा निकालने के नियम एक जैसे नहीं होते।

कुछ SIF में आप सामान्य Mutual Fund की तरह किसी भी working day redemption request दे सकते हैं।

लेकिन कुछ SIF में पैसा निकालने के लिए तय दिन या तय समय होता है। जैसे सप्ताह में केवल एक या दो दिन।

इसलिए SIF में निवेश करने से पहले यह जरूर देखें कि पैसा कब और कितनी आसानी से निकाला जा सकता है।

यह जानकारी उसके ISID में मिल जाएगी।

क्या listed SIF हमेशा liquid होगा?

नहीं।

Listing और actual trading liquidity दो अलग चीजें हैं।

क्या ज्यादा Short Exposure ज्यादा अच्छा है?

नहीं।

Short exposure एक opportunity भी है और risk भी।

क्या SIF का Return पहले से estimate किया जा सकता है?

नहीं।

Historical या शुरुआती return किसी भी future return की guarantee नहीं है।

आखिर में SIF को कैसे समझें?

SIF को देखकर पहली नजर ₹10 lakh पर ही जाती है।

दूसरी Long-Short पर।

तीसरी return table पर।

लेकिन मेरे हिसाब से सही order उल्टा होना चाहिए।

पहले समझिए:

Strategy करती क्या है?

फिर:

Risk कहाँ से आता है?

फिर:

पैसा कब निकाल सकते हैं?

फिर:

Cost कितनी है?

और उसके बाद:

Return कैसा रहा?

क्योंकि 14% return का कोई खास मतलब नहीं अगर हमें यह ही नहीं पता कि उसे कमाने के लिए कितना और किस तरह का risk लिया गया।

SIF एक interesting और नई investment category है लेकिन नई category का मतलब shortcut नहीं है।

यह normal Mutual Fund से कुछ ज्यादा flexibility दे सकती है और उसी वजह से इसे समझने में भी थोड़ा ज्यादा homework चाहिए।

खुशखबरी यह है कि homework में आपको पूरा prospectus रटने की जरूरत नहीं है ।

आपने फाइनली इतना समझ लिया तो SIF का आधा “Specialized” डर वहीं खत्म हो जाता है।

Category → Asset Allocation → Long/Short Exposure → Liquidity → Cost → Risk Band → Benchmark

sif infographic

 

नोट: यह लेख केवल financial education के लिए है। इसका उद्देश्य किसी SIF, Mutual Fund, PMS, AIF या दूसरे investment product को खरीदने, बेचने या चुनने की सलाह देना नहीं है।

शेयर करें!

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

आप इस पेज की सामग्री को कॉपी नहीं कर सकते!

Scroll to Top